ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी और नकबजनी के मामलों में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और 20,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
हाल ही में थाना क्षेत्र के भानपुर गांव के मजरा भानपुर का पुरवा में उमेश कुमार के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। तहरीर के मुताबिक, 6/7 सितंबर की रात करीब एक से दो बजे के बीच चार अज्ञात चोर घर में घुसे और नकदी व सोने-चांदी के आभूषण समेत सामान चोरी कर ले गए थे। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
इसी तरह थाना रामपुर कलां इलाके के सुमलीनगर ताजपुर में भी चोरों ने घर के दरवाजे के ऊपर लगे वेंटिलेशन को तोड़कर चोरी की थी। पीड़ित हरिनाम पुत्र रामआसरे के मुताबिक, चोर घर से 25 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल और पुरुष की तीन सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने थाना रामपुर कलां में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सामान बरामद करने की मांग की थी।
इन घटनाओं सहित थाना क्षेत्र में हुई चोरी और नकबजनी की वारदातों की जांच के दौरान पुलिस ने लखन पुत्र सोनेलाल निवासी ललकपुरवा, थाना थानगांव, उम्र करीब 35 वर्ष तथा बाबूराम पुत्र मैकूलाल निवासी शिवपुर देवरिया, थाना सदरपुर, उम्र करीब 50 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार यह दोनों आरोपी थाना रामपुर कलां में दर्ज मु0अ0सं0 116/26, 154/26 और 108/26 तथा थाना अटरिया में दर्ज मु0अ0सं0 135/26 से संबंधित मामलों में वांछित थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, चांदी की पायल और 20,500 रुपये बरामद किए हैं।
कई मुकदमे दर्ज होने का दावा : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लखन के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बाबूराम के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम : कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल अमीर चन्द्र, सतीश शाक्य, अजय मौर्य, ईश्वर सरन, सुरेन्द्र कुमार और शिवम शुक्ल शामिल रहे।
