डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना महमूदाबाद में समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को महमूदाबाद कोतवाली में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस एवं अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर शिकायतों को सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मामलों का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करें, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।

वहीं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस से संबंधित शिकायतों में निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पीड़ितों को नियमानुसार त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।

इस दौरान एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी, क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *