नगर पालिका कार्यालय में पत्रकार बताने वालों की नियमित मौजूदगी पर उठे सवाल, सभासदों ने डीएम से जांच की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  महमूदाबाद नगर में स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्वयं को पत्रकार अथवा मीडिया कर्मी बताने वाले कुछ व्यक्तियों की नियमित मौजूदगी को लेकर नगर पालिका के सभासदों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। और वहीं सभासदों का आरोप है कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में कार्यालय में अनावश्यक रूप से मौजूद रहते हैं और आम जनता से अनुचित लाभ लेने का प्रयास करते हैं।

जिलाधिकारी सीतापुर को उप जिलाधिकारी महमूदाबाद के माध्यम से दिए गए पत्र में सभासदों ने बताया कि नगर पालिका परिषद कार्यालय में कुछ व्यक्ति स्वयं को पत्रकार/मीडिया प्रतिनिधि बताते हुए नियमित रूप से बैठे रहते हैं। दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि ऐसे लोगों द्वारा महमूदाबाद एवं सीतापुर के अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है तथा मीडिया/पत्रकारिता के नाम पर कभी-कभी अनावश्यक विज्ञापन की मांग, धन व अन्य सुविधाएं लेने की कोशिश की जाती है।

नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के सभासदों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नियमित शासकीय कार्य प्रभावित होते हैं। साथ ही निर्वाचित सभासदों को जनहित से जुड़े कार्यों के संबंध में अधिकारियों से आवश्यक चर्चा करने में भी असुविधा होने की बात कही गई है।

पत्र में मांग की गई है कि नगर पालिका कार्यालय में आने वाले पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की पहचान तथा संबंधित समाचार पत्र, मीडिया संस्थान और उनके वैध पंजीकरण आदि का सत्यापन कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति किसी समाचार पत्र या मीडिया संस्थान से संबद्ध होने का दावा करता है तो उसके प्रकाशन पंजीकरण/Certificate of Registration सहित अन्य संबंधित विवरणों की नियमानुसार जांच कराई जाए।

सभासदों ने पत्र में यह भी कहा है कि पत्रकारिता के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों के कार्यालय में आने से शासकीय कार्यों में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

पत्र पर नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के कई सभासदों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। हालांकि दिए गए पत्र में सभासदों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित व्यक्तियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *