ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में स्थित सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत श्यामदासपुर में संचालित आशुतोष बृजमोहन लाल मेमोरियल कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए
जिला कमिश्नर आयुक्त रूपेश अवस्थी ने कहा कि जीवन की जटिल परिस्थितियों को सुलझाकर संयमित ढंग से सीमित संसाधनों में प्रसन्नतापूर्वक जीवन जीने की कला का नाम ही स्काउट-गाइड है। मन में दृढ़ संकल्प लेकर किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता की ओर ले जाता है।
स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में अनुशासन, संस्कार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विषम परिस्थितियों में धैर्य के साथ मुसीबतों का सामना करने की क्षमता विकसित करना इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है।
और उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड को जो बातें सिखाई जा रही हैं, उन्हें केवल शिविर तक सीमित न रखें, बल्कि दैनिक जीवन में भी उनका उपयोग करें। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सेवा भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को सीमित एवं अल्प संसाधनों में बेहतर तरीके से जीवन जीने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं और दूसरों की सहायता करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान शिविरार्थियों को व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर में जिला संगठन आयुक्त संजय कुमार, पूजा देवी, सिराज अहमद, विजेंद्र सिंह और आनंद शुक्ल ने स्काउट एवं गाइडों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के बाद प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा एवं ध्वज शिष्टाचार के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षकों ने स्काउट-गाइड के संक्षिप्त इतिहास तथा आयु के आधार पर विभिन्न वर्गों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को टोली विधि, सीटी एवं हाथ के संकेत, प्राथमिक सहायता और हाइक सहित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षार्थियों ने अपनी-अपनी टोलियों का निर्धारण भी किया और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डिप्टी मैनेजर आंजनेय आशीष वाजपेयी, प्रधानाचार्य अजय कृष्ण आनंद, उप प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, कॉर्डिनेटर ऋतुजा वाजपेयी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
