अनुभवात्मक अधिगम से शिक्षण प्रक्रिया को बनाया जा सकता है अधिक रोचक और विद्यार्थी-केंद्रित,60 शिक्षकों ने किया प्रतिभाग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक है। अनुभवात्मक अधिगम, बेहतर पाठ योजना निर्माण और क्षमता निर्माण के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक रोचक, व्यावहारिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सकता है। ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन कौशल आधारित शिक्षा देकर उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और स्वस्थ नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित कर सकते हैं।

यह बात प्रमुख ट्रेनर, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं सीबीएसई रिसोर्स पर्सन तथा जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, हरदोई के प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत कुमार झा ने सीबीएसई के तत्वावधान में पालिका के वार्ड श्यामदासपुर स्थित आशुतोष बृजमोहन लाल मेमोरियल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ‘अनुभवात्मक अधिगम’ विषयक शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को अनुभवात्मक अधिगम की अवधारणा, प्रभावी पाठ योजना निर्माण तथा क्षमता निर्माण के माध्यम से कक्षा शिक्षण को अधिक व्यावहारिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की विभिन्न रणनीतियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बताया कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उन्हें गतिविधियों एवं वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़कर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना शिक्षण को अधिक प्रभावी बना सकता है।

सीबीएसई द्वारा नामित दिल्ली पब्लिक स्कूल, कानपुर की नुसरत बानो ने प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों में सकारात्मक व्यवहार, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के साथ ही सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को जीवन कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत सीबीएसई, प्रयागराज के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करते हुए अनुभवात्मक अधिगम की बारीकियों को समझा और इसे विद्यालय की शिक्षण प्रक्रिया में लागू करने के तरीकों पर जानकारी प्राप्त की।

संस्था के चेयरमैन रमेश वाजपेयी विरल, वाइस चेयरमैन आंजनेय आशीष वाजपेयी एवं वागीश दिनकर वाजपेयी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रधानाचार्य अजय कृष्ण आनंद, उप प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, कॉर्डिनेटर ऋतुजा वाजपेयी सहित सभी प्रतिभागी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अवनीश अवस्थी, ऋतुजा वाजपेयी, शशांक शेखर, मोहित वर्मा, दीक्षा तिवारी, पीयूष चौबे, सचिन गुप्त सहित करीब 60 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *