जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने ऐलिया विकास खण्ड में किया आकस्मिक निरीक्षण, दीं सख्त हिदायतें

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने मंगलवार को ऐलिया विकास खण्ड के विभिन्न सरकारी संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक उप केन्द्र टिकरा एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर जार टिकरा की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और रिकॉर्ड रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ऐलिया विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र जार-1 (टिकरा) का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, शिक्षण कार्यों की गुणवत्ता, मिड-डे-मील की स्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं अध्यापकों की समयपालन संबंधी जानकारी ली। डॉ. राजा गणपति आर ने निर्देश दिए कि शिक्षा और पोषण से जुड़ी सभी योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण दोनों मिल सकें। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *