ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बाबूपुर निवासी 85 वर्षीय श्रद्धालु राम गुलाम साहू पुत्र बाबूराम साहू ने अपनी गाढ़ी कमाई से मां संकटा देवी धाम के विकास कार्यों के लिए 40,000 रुपये का दान देकर एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। मंगलवार को श्री साहू ने सीता इंटर कॉलेज पहुंचकर जय गुरुदेव के समर्थक दिनेश चंद्र के साथ सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक एवं मां संकटा देवी धाम के अध्यक्ष आर. के. बाजपेई को यह धनराशि श्रद्धाभावपूर्वक भेंट की।
85 वर्ष की आयु में भी धर्म और समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा व आस्था ने सभी के हृदय को स्पर्श किया। मां संकटा देवी के प्रति समर्पण और समाज में धार्मिक कार्यों को आगे बढ़ाने की यह भावना जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है।श्री बाजपेई ने इस पुनीत कार्य के लिए राम गुलाम साहू का सम्मान करते हुए कहा कि “मां संकटा देवी की कृपा से ही ऐसे श्रद्धालु भक्त समाज में आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उनका यह योगदान मंदिर के विकास कार्यों में अमूल्य रहेगा।” इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने “जय मां संकटा” के जयघोष के साथ श्री साहू की धर्मनिष्ठ भावना को नमन किया। मां संकटा देवी धाम में उनके इस योगदान से भक्तों में नई ऊर्जा और श्रद्धा की लहर दौड़ गई है।
