ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: मुंशीगंज में किसान मंच की मासिक बैठक किसान मंच कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा की। बैठक में प्रमुख रूप से यह मुद्दा उठाया गया कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने की बात तो करती है, लेकिन वास्तविकता में किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है। इस समय सरकारी धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान तौला नहीं जा रहा है।
पदाधिकारियों का कहना था कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने धान क्रय केंद्रों पर कब्जा जमा रखा है और नमी का बहाना बनाकर आम किसानों का धान नहीं तोलने दिया जा रहा है। इससे किसानों को हफ्तों लाइन में लगने के बावजूद तौल नहीं हो पा रही। किसानों को अगली फसल की तैयारी के लिए समय और धन दोनों की जरूरत होती है, परंतु प्रशासन की उदासीनता के कारण वे परेशान हैं।
बैठक में यह भी कहा गया कि डीएपी के लिए किसानों को लंबी लाइनों में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने नवागत जिलाधिकारी से मांग की कि इन ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि नहरों की सिल्ट सफाई नहीं हो रही है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। किसान मंच ने प्रशासन से मांग की कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान तुरंत खरीदा जाए, खाद वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए और नहरों की सिल्ट सफाई तत्काल कराई जाए ताकि आगामी फसलों पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव/प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश सिंह, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अल्पना सिंह, जिला अध्यक्ष राकेश बाजपेई, जिला संयोजक नवल किशोर मिश्र, विजय कुमार सिंह, उत्तम मौर्य, रामचंद्र मौर्य, श्री कृष्ण पाल, रजनीश बाजपेई, मोहम्मद अहमद बब्बू, हाशमी, सरला देवी, गायत्री सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
