जिलाधिकारी ने मिश्रिख सीएचसी केन्द्र का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर सम्बन्धित को नोटिस जारी 

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने गुरुवार को मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, आईपीडी, केएमसी, महिला वार्ड, लेबर रूम, पैथोलॉजी, ऑक्सीजन प्लांट, किचन, काउंसलिंग कक्ष और एनबीएसयू यूनिट का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है।

डॉ. राजागणपति ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, अवसंरचना सुधारने तथा शौचालय और परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रखर श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि उनके विरुद्ध नोटिस जारी करते हुए आज का वेतन काटा जाए।

इसके साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने पर ब्लॉक एकाउंट्स मैनेजर बालक राम, फार्मासिस्ट रवी यादव और स्टाफ नर्स सीता के विरुद्ध डीएचएस में प्रस्ताव भेजकर 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। मरीजों को दिए जा रहे भोजन व नाश्ते की गुणवत्ता और मात्रा मानकों के अनुरूप न मिलने पर संबंधित सखी स्वयं सहायता समूह का टेंडर रद्द करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। इसके अलावा बीपीएम, बीसीपीएम और बैम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट को तत्काल दुरुस्त कर चालू करने, बेडशीट नियमित बदलवाने, तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को निरंतर भ्रमणशील रहते हुए मरीजों की दवाओं और इंजेक्शन का विवरण पर्चे पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में रहें और डिलीवरी रजिस्टर का पूरा विवरण समय से दर्ज करें। साथ ही, जन्म प्रमाण पत्र डिस्चार्ज के समय परिजनों को उपलब्ध कराए जाएं। जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन के लिए उचित काउंसलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और जनता को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *