ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र के कोरार गांव स्थित राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कैरियर मेला का भव्य आयोजन किया गया। छात्राओं को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और प्रतिस्पर्धा की तैयारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार की एक सराहनीय पहल रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बी.एल. यादव तथा विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार, धर्मेंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं वंदना, आरती, जूली, अंशिका और अंजली ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन व कैरियर मेले में बैंकिंग विभाग से बी.एल. यादव, विनोद कुमार, रंजीत कुमार,पत्रकारिता विभाग से ए.के. विश्वकर्मा, मनोज पासवान, धर्मेंद्र सिंह,डाक विभाग से इंद्रेश कुमार,समाजसेवी मुकेश मिश्रा, तथा ग्राम प्रधान शारदा यादव ने प्रतिभाग कर छात्राओं को बेहतर शिक्षा, करियर चयन, व्यक्तित्व विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं में मौजूद प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। प्रधानाध्यापिका अनुराधा सिंह, सहायक अध्यापक ऋतु पोरवाल, शिवानी शर्मा, प्रीति रस्तोगी, तथा पंख नोडल दीपा ने पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम का संचालन किया और सभी अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। और विद्यालय द्वारा आयोजित यह कैरियर मेला न केवल छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि का माध्यम बना, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत किया। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को नई दिशा देने का यह प्रयास विद्यालय परिवार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है, जिसकी सभी ओर सराहना की जा रही है।
