ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र के धीरपुर गांव के आगे नहर पुल के पास मुख्य मार्ग पर बना गहरा गड्ढा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार देर रात इस गड्ढे में बाइक सहित गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। सबसे गंभीर तथ्य यह है कि इसी गड्ढे को लेकर पहले भी कई बार खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग की नज़र अब तक इस खतरनाक जगह पर नहीं पड़ी। लापरवाही का यही परिणाम एक और हादसे के रूप में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार घटना महमूदाबाद थाना क्षेत्र की सीमा में घटित हुई है। मोहम्मदपुर कलां गांव निवासी राम सिंह पुत्र हुकुमचंद गुरुवार रात रिश्तेदारी से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक धीरपुर पुल के पास पहुंची, सड़क किनारे बने बड़े गड्ढे में अचानक वाहन फिसलकर गिर गया। गिरने से राम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना ऊंचगांव चौकी प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लंबे समय से सड़क टूटी हुई है और गहरा गड्ढा बना हुआ है। कई बार स्थानीय मीडिया में भी मामला प्रकाशित हुआ, लेकिन विभाग ने अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन बार-बार हादसे हो रहे हैं, और गुरुवार रात की घटना ने प्रशासन की लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तुरंत सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।
