यातायात माह नवंबर 2025 का समापन, छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर दिया जागरूकता संदेश

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर में रविवार को यातायात माह – नवंबर 2025 का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह निकाली गई रैली से हुई, जिसमें 10 विद्यालयों के करीब 350 छात्र-छात्राएँ तथा एनसीसी/स्काउट गाइड कैडेट शामिल हुए। रैली सरोजिनी वाटिका से प्रारंभ होकर आंख अस्पताल, लालबाग चौराहा और जेल रोड होते हुए रिजर्व पुलिस लाइन पहुंची।

समापन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि एक माह तक चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, न कि दंडित करना।

अंकुर अग्रवाल ने कहा कि दुर्घटनाओं का मुख्य कारण हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग जैसी लापरवाही है। यातायात माह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए गए ताकि भविष्य में ऐसी गलतियां न हों। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर हम स्वयं और दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं।

कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर यातायात जागरूकता से जुड़ी एक पोस्ट साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एडीएम नीतिश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात धर्मेन्द्र कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी, ए.आर. टी.ओ सर्वेश चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक यातायात फरीद अहमद, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *