ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: रामपुर कलां थाना क्षेत्र के धीरपुर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में साड़ी के सहारे लटकता हुआ पाया गया। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान सचिन पुत्र अशर्फी उम्र करीब 25 वर्ष निवासी ग्राम नयागांव थाना रामपुर कलां के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सचिन सुबह करीब 9 बजे रामपुर कलां थाना क्षेत्र के धीरपुर गांव स्थित अपनी ससुराल खेतों में खाद डालने के लिए आया था। इसी दौरान शाम लगभग 3 बजे मृतक की मां को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे ने फांसी लगा ली है।
सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि सचिन का शव कमरे के अंदर जमीन पर पड़ा हुआ था, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया। मृतक की पत्नी सावित्री ने धीरपुर गांव के ही एक व्यक्ति पर अपने पति की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुरकलां थाना प्रभारी पीयूष सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सिधौली कपूर कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजन आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर अड़े रहे और कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
और पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की बात कह रही है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की।
