ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के लखनीपुर गांव में घरों के ऊपर से गुजर रही 11000 केवी विद्युत लाइन ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र भगौती प्रसाद ने इस जानलेवा समस्या को लेकर विद्युत उपखंड अधिकारी महमूदाबाद समेत उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को प्रार्थना पत्र देकर विद्युत विभाग की लापरवाही उजागर की है। पीड़ित प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव में घरों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन कभी भी बड़े हादसे को दावत दे सकती है। इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के चलते ग्रामीण हर समय भय के साए में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में विद्युत लाइन का तार गिरने से एक घर में आग लग गई थी, वहीं करंट की चपेट में आकर मवेशियों की जलकर मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद विद्युत विभाग ने न तो लाइन हटवाने की पहल की और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए। और पीड़ित प्रमोद कुमार ने दोबारा प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि किसी और बड़ी अनहोनी होने से पहले घरों के ऊपर से गुजर रही 11000 केवी लाइन को तत्काल गांव के बाहर स्थानांतरित कराया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की होगी। अब देखना यह है कि गंभीर हादसों के बावजूद लापरवाह बने विभागीय अधिकारी कब जागेंगे और कब ग्रामीणों को इस जानलेवा खतरे से राहत मिलेगी। इस दौरान वहां पर लोहिया वाहिनी के सीतापुर जिलाध्यक्ष मेराज अहमद , पीड़ित प्रमोद कुमार समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
