रेउसा में डीएम का औचक निरीक्षण, विद्यालय से लेकर थाना व सीएचसी तक परखी व्यवस्थाएं

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: रेउसा इलाके में शनिवार को जिलाधिकारी डॉक्टर राजा गणपति आर ने विकास खंड रेउसा के ग्राम पंचायत बमनावां स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने वार्डन को फटकार लगाई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा उपजिलाधिकारी बिसवां को ज्ञापन सौंपा गया। इसके तुरंत बाद परिषद के कार्यकर्ता पंकज कुमार बाजपेई, अमित कुमार पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।

इसके उपरांत जिलाधिकारी रेउसा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने आए हुए परिवादियों की बात सुनी और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर निस्तारण कराया गया। इस पहल को लेकर क्षेत्रीय जनता में संतोष देखने को मिला और लोगों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। मौके पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। थाना अध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी की सूझबूझ और प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते जिलाधिकारी के समक्ष पुलिस से संबंधित कोई शिकायत सामने नहीं आई, जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की छवि स्पष्ट हुई। और इसके बाद जिलाधिकारी ने विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया और अंत में रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *