ग्राम पंचायत सचिवों का शांतिपूर्ण सत्याग्रह जारी, 17 सचिवों ने डीएससी/ऑनलाइन उपस्थिति से किया असहयोग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकास खंड महमूदाबाद में  प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर ग्राम पंचायत सचिवों का सांकेतिक एवं शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के क्रम में सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली सहित मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागीय कार्य कराए जाने का विरोध दर्ज कराया है।

इस संबंध में दिनांक 15 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) महमूदाबाद को एक सामूहिक पत्र सौंपा गया। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में प्रेषित ज्ञापन दिनांक 01 दिसंबर 2025 के क्रम में आंदोलन बिंदु संख्या 01 से 05 तक के तहत सचिवों की मांगें अभी तक पूरी नहीं की गई हैं। मांगें लंबित रहने के कारण सभी ग्राम पंचायत सचिवों ने अपना डीएससी/ऑनलाइन सिस्टम सामूहिक रूप से जमा कर दिया है।

पत्र के अनुसार, महमूदाबाद विकासखंड के अंतर्गत कुल 17 ग्राम पंचायत सचिव इस आंदोलन में शामिल हैं, जो शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर सत्याग्रह कर रहे हैं। सचिवों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्राम पंचायत सचिवों ने सहायक विकास अधिकारी से अनुरोध किया है कि आंदोलन की अवधि तक उनके द्वारा जमा किए गए डीएससी को सुरक्षित रखते हुए, उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराकर न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए।

इस सामूहिक पत्र पर 17 ग्राम पंचायत सचिवों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। आंदोलन को लेकर सचिवों में एकजुटता देखी जा रही है, वहीं प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
इस दौरान वहां पर सचिव सुरेश बक्श सिंह, आशीष यादव, जितेंद्र प्रताप सिंह, सत्यार्थ, मयूरेश राय,अवनीश कुमार रावत, श्रीकांत वर्मा , पंकज वर्मा , अरुण गौतम, अर्जुन गुप्ता, हरेंद्र प्रताप सिंह, विपिन कुमार अग्निहोत्री, आलोक सिंह यादव, हैदर, दिव्या सिंह, सुनैना वर्मा, कनक सुंदरी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *