सीतापुर CMO कार्यालय में DM का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त रुख,

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की डाक व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा नाराजगी जताई।

डीएम ने पाया कि प्राप्त होने वाली डाक का समय से निस्तारण नहीं किया जा रहा था, जिससे महत्वपूर्ण पत्रावलियां लंबित पड़ी थीं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए डाक प्रबंधन प्रणाली को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखे अभिलेखों की भी जांच की और कार्यों में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा कार्यालय होने के कारण यहां की हर प्रक्रिया जनता से सीधे जुड़ी है, इसलिए किसी भी तरह की शिथिलता आमजन के हितों को प्रभावित करती है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से कार्यालय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और व्यवस्था सुधार की कवायद तेज कर दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *