ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर : जनपद में प्रशासनिक कसावट को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने मंगलवार को विकास खंड सकरन में स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साण्डा का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की जनता को बेहतर व समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार कर मरीजों को राहत देने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह के साथ विकास खंड सकरन के प्राथमिक विद्यालय टेड़वा कलां का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षण कार्य, छात्रों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कक्षा कक्षों की स्थिति एवं अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मानकों के अनुरूप मिड डे मील तैयार कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ पहुंचे, इसके लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
