अकबरपुर ब्लॉक में एक दिवसीय विशाल किसान मेला एवं कृषि संगोष्ठी का आयोजन

ब्यूरो रिपोर्ट, अंबेडकर नगर : विकास खंड अकबरपुर इलाके में स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल परिसर में ग्राम पंचायत स्तरीय गोष्ठी/किसान पाठशाला के क्रम में एक दिवसीय विशाल किसान मेला एवं कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन उर्वरकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि करना रहा।

कार्यक्रम में इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. देवी प्रसाद, एसएफए राहुल कुमार, एसएफए हॉटस्पॉट अभय वर्मा, ड्रोन दीदी कान्ति देवी एवं वंदना पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, अपर कृषि निदेशक (प्रसार) उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे। उनके साथ उप कृषि निदेशक अंबेडकर नगर डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी तथा कृषि विज्ञान केंद्र पांती के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राम जीत ने इफको द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।

इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. देवी प्रसाद ने किसानों को नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, नैनो जिंक, नैनो कॉपर एवं सागरिका जैसे उन्नत उत्पादों के उपयोग, लाभ एवं फसल उत्पादन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर नैनो डीएपी से उपचारित ट्रे डेमो का भी प्रदर्शन किया गया, जिसका निरीक्षण मुख्य अतिथि द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण ड्रोन दीदी द्वारा किया गया ड्रोन का लाइव डेमोन्सट्रेशन रहा, जिसमें ड्रोन के माध्यम से खेती में छिड़काव एवं आधुनिक तकनीक के प्रयोग की जानकारी किसानों को दी गई।

कृषि संगोष्ठी में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और उन्होंने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन से किसानों में नई तकनीकों को अपनाने के प्रति उत्साह देखने को मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *