ब्यूरो रिपोर्ट ,उन्नाव : पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में जनपद के समस्त चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अपराध की प्रभावी रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों के साथ घटित होने वाली घटनाओं की रोकथाम, ऐसी घटनाओं के शीघ्र अनावरण तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही सभी चौकी प्रभारियों को जनता के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने, प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं विधिक निस्तारण करने, महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने पर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
