ब्यूरो रिपोर्ट,अयोध्या : जनपद के बाबा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुष्कर्म व एससी-एसटी एक्ट के आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर की कुर्की की है। आरोपी बीते एक वर्ष से फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाबा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम गोडरवा मजर बिहार निवासी बिरजू पुत्र अनंते पर करीब एक वर्ष पूर्व एक दलित किशोरी के साथ दुराचार करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने बिरजू के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की विवेचना सीओ रुदौली आशीष निगम द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान न्यायालय से आरोपी बिरजू के विरुद्ध कुर्की का वारंट जारी हुआ था। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ मफरूरी (फरार) का भी मुकदमा दर्ज किया।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सीओ आशीष निगम के नेतृत्व में बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद एवं मवई थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल की टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी बिरजू के घर की समस्त गृहस्थी कुर्क कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
