ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : विकास खंड पहला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लोधौरा राजा साहब के मानिकपुर गांव में विधानसभा क्षेत्र महमूदाबाद (151) की भाजपा विधायक आशा मौर्या ने विधायक निधि से प्रस्तावित विकास कार्य के तहत काशीराम के घर से मुख्य डामर मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक आशा मौर्या ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। यह सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाएगा, साथ ही बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी निजात मिलेगी।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की पहल पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। और विधायक ने भरोसा दिलाया कि जनहित और विकास से जुड़े कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी जाएगी।
