ब्यूरो रिपोर्ट,अमेठी: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अंशुमान सिंह ने मंगलवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई डॉक्टरों द्वारा मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखे जाने की मिल रही लगातार शिकायतों के मद्देनजर की गई।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी के सभी कक्षों का गहन निरीक्षण किया और इलाज के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि क्या डॉक्टर उन्हें अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के बजाय बाहर की दवाएं लिख रहे हैं। इस पर मरीजों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें बाहर की दवाइयां नहीं लिखी जा रही हैं।
सीएमओ अंशुमान सिंह ने चिकित्सकों को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में मरीजों को बाहर की महंगी दवाइयां न लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हैं, ऐसे में मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ में डालना अनुचित है।
उन्होंने सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे केवल प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाओं को ही पर्चे पर लिखें। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में इस संबंध में शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने आमजन से भी अपील की कि वे इलाज के दौरान प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से ही दवाएं खरीदें, जहां कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को भी परखा गया और आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
