ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में
व्यापार मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी एवं जयसवाल मेडिकल स्टोर (सरकारी बस स्टॉप, महमूदाबाद) के संचालक पंकज जयसवाल द्वारा अपनी पूज्य माता स्वर्गीय विमला देवी जयसवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर एक सराहनीय सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ने रामकुंड चौराहे पर पहुंचकर गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन पैकेट वितरित किए। सेवा कार्य के माध्यम से दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा और मानवीय संवेदना का सुंदर संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय विमला देवी जयसवाल के सामाजिक मूल्यों, संस्कारों एवं सेवा भावना को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने कहा कि पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर समाजसेवा करना दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस सेवा कार्यक्रम में अहमद अंसारी, ललित श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष बृजेश वर्मा, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, मुकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
