महमूदाबाद में भारत स्काउट-गाइड से युवाओं में विकसित होता है आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा का भाव :आर के बाजपेई

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महमूदाबाद स्थित मां संकटा देवी धाम के सत्संग भवन में आयोजित सात दिवसीय बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन स्काउट-गाइड आंदोलन के उद्देश्यों और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। शिविर को संबोधित करते हुए शिविर संचालिका शशिबाला ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ खेलकूद एवं साहसिक यात्राओं द्वारा स्वास्थ्य और मानसिक सतर्कता को बढ़ावा मिलता है। यह संगठन जाति, धर्म और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और भाईचारे की भावना विकसित करता है। स्काउटिंग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर, चरित्रवान और समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनाना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत चल रहे कोर्स फॉर बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन तथा कोर्स फॉर बेसिक कब मास्टर एवं फ्लॉक लीडर के तृतीय दिवस में प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का संचालन स्काउट राजेन्द्र त्रिपाठी, गाइड शशिबाला, कब संचालक अभिषेक वर्मा तथा फ्लॉक संचालिका मालती वर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान सहायक प्रशिक्षकों के रूप में स्काउट दीपक राठौर, संजय कश्यप, मदन मोहन त्रिवेदी, मनोज यादव तथा कब प्रशिक्षक पुष्पराज, आकांक्षा सिंह एवं निवेदिता ने प्रतिभागियों को विविध गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर का निरीक्षण जिला मुख्यायुक्त रमेश वाजपेयी विरल ने किया और सभी प्रशिक्षुओं को मनोयोग से प्रशिक्षण ग्रहण कर स्काउट-गाइड की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सहायक जिला आयुक्त महमूदाबाद अनिल बंशवार, सहायक जिला आयुक्त बिसवां रूपेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *