बाराबंकी में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकार संगठन ने सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट,बाराबंकी: ग्रामीण पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले रविवार को सूरतगंज क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक पत्रकारों ने कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर स्थित विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा के कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में अवगत कराया गया कि प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े ग्रामीण पत्रकार अत्यंत कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें न तो सरकार और न ही संबंधित संस्थानों की ओर से कोई ठोस सुविधाएं मिल पा रही हैं। संगठन ने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है, जिसकी सक्रिय इकाइयां प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों और 551 तहसीलों में कार्यरत हैं।
जिला महामंत्री दीपक सिंह ‘सरल’ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और जीवन स्तर में सुधार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।

इनमें तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता प्रदान किए जाने हेतु आदेश जारी करने, पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तरीय स्थायी समिति की नियमित बैठकें कराने तथा मंडल मुख्यालय पर मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में और तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अस्थायी समिति के गठन की मांग प्रमुख रही।

इसके साथ ही यह भी मांग की गई कि इन समितियों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाए। ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने प्रदेश स्तर पर गठित मान्यता समिति के साथ-साथ ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के अध्ययन एवं समाधान के लिए ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की भी पुरजोर मांग की।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करते समय उत्पन्न होने वाले विवादों के मामलों में किसी भी पत्रकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी द्वारा जांच कराए जाने का प्रावधान किया जाए, ताकि पत्रकारों का उत्पीड़न रोका जा सके।

इस मौके पर पत्रकार प्रेम नारायण सिंह, राज बहादुर वर्मा, सत्यवान पाल, शिवम मिश्रा, रूपेश मिश्रा, ओमकार वर्मा, बालेंद्र कुमार ‘निडर’, राजू गोस्वामी, अमित कुमार चौहान, सर्वजीत सिंह, जय प्रकाश रावत सहित एक दर्जन से अधिक पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *