डिवाइडर से टकराकर लकड़ी का बुरादा लदा ट्रक पलटा, बोलेरो चालक की दर्दनाक मौत

ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ: जनपद रामपुर में दिल्ली–नैनीताल हाईवे-87 पर पहाड़ी गेट चौराहे के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब लकड़ी का बुरादा लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और सामने चल रही बोलेरो गाड़ी पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक सड़क पर बने अचानक कट को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक बोलेरो को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से टकराने के बाद बोलेरो पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक का शरीर रीढ़ की हड्डी समेत कई हिस्सों में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व बुलडोजर की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। ट्रक को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया। बोलेरो में बुरी तरह फंसे चालक के शव को वाहन को काटकर बाहर निकाला गया।
हादसे के कारण हाईवे पर करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया।
पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बोलेरो चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। ट्रक को थाने में खड़ा कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना के भयावह दृश्य कैद हैं। जो काफी शोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *