ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद नगर में स्थित हरदेव लाला देव स्थान के निकट बिसवां–महमूदाबाद मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया की बाउंड्री वाल पिछले कई दिनों से टूटी पड़ी है, जिससे क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया की दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन राहगीर और आवारा पशु असंतुलित होकर नाले में गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं।
यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया वाहनों सहित पैदल यात्रियों की आवाजाही रहती है। रात के समय पर्याप्त चेतावनी संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था न होने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। कई बार राहगीर अंधेरे में टूटी दीवार का अंदाजा नहीं लगा पाते और सीधे नाले में गिर जाते हैं।
स्थिति को और गंभीर बनाते हुए लंबे समय से नाले की साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया गया है, जिसके चलते नाले में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नाला कूड़े-कचरे और सड़ी-गली सामग्री से पट चुका है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और आसपास के लोगों का जीना दूभर हो गया है। जल निकासी बाधित होने से गंदा पानी जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की टूटी बाउंड्री वाल की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा नाले की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचाव हो सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती
