ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: जनपद के थाना रामपुर कलां क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी बेहमा इलाके में डीसीएम चालक पर हुए जानलेवा हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने तहरीर मिलते ही त्वरित कार्रवाई शुरू करते हुए प्रार्थना पत्र में नामजद चार आरोपियों को उनके दोनों वाहनों के साथ उन्हें हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना व कस्बा सिधौली निवासी मो. एराज पुत्र मो. शरीफ ने पुलिस चौकी बेहमा में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी डीसीएम UP32JN4690 गाड़ी के चालक मुंशी लाल पुत्र त्रिलोकी निवासी कमलापुर को UP32FS0060 व UP79Y1009 दो कारों में सवार चार व्यक्तियों ने डीसीएम को रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित मो. एराज का आरोप है कि कार सवार चार लोगों ने डीसीएम चालक मुंशी लाल के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को उनके दोनों वाहनों सहित उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया। घायल चालक को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली भेजा गया, जहां पर उसका उपचार जारी है।
घायल को एम्बुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग छात्र शिक्षा समिति के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी एवं समाजसेवी रंजीत यादव , समाजसेवी संजय सिंह, संकित सिंह ,मोनू चौधरी सहित कई अन्य स्थानीय समाजसेवियों ने सक्रिय सहयोग किया। उनके प्रयासों से मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिली।
इस संबंध में पुलिस चौकी बेहमा प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर चार नामजद व्यक्तियों को उनके वाहनों के साथ हिरासत में लिया गया है, और पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
