ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर में गुरुवार को हिंदवी स्वराज के प्रणेता एवं राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सम्मानित नागरिकों, अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों—साहस, स्वाभिमान और सुशासन—को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जयंती समारोह के उपरांत यूजीसी के समर्थन में एक शांतिपूर्ण पैदल मार्च का आयोजन किया गया। मार्च की शुरुआत बसवार क्लीनिक, सिधौली रोड गल्ला मंडी से हुई। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए प्रतिभागी बस स्टॉप, रामकुंड चौराहा होते हुए ठठेरी बाजार स्थित तहसील प्रांगण तक पहुंचे। पूरे मार्ग में अनुशासन और शांति का विशेष ध्यान रखा गया।
तहसील परिसर में पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी महोदय को महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से यूजीसी के समर्थन में अपनी मांगों एवं भावनाओं को लोकतांत्रिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना लोकतंत्र की सुदृढ़ता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में नेत्र चिकित्सक डॉ. अखिलेश वर्मा, इंजीनियर अशोक पटेल, अशोक वर्मा, डॉ. गोपी चन्द्र वर्मा, अरविंद गौतम, सुदीप वर्मा, बबलू वर्मा सहित अधिवक्तागण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने और समाजहित में एकजुट रहने का आह्वान किया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन किया गया तथा शांति व्यवस्था बनी रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
