पहाड़ापुर,खालगांव में भक्ति और उल्लास का संगम, श्री खाटू श्याम मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा के साथ संपन्न

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर :  थाना महमूदाबाद क्षेत्र के  खालगांव के पहाड़ापुर गांव में स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा और “श्याम बाबा की जय” के जयकारों से गांव गुंजायमान हो उठा।

मंदिर के सेवक मोहित यादव एवं हिमांशु यादव के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन से हुई। इसके पश्चात भव्य नगर भ्रमण, पदयात्रा एवं निशान यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में ध्वज व निशान लेकर भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा की पावन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसके उपरांत आयोजित श्याम संकीर्तन में भजन गायकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले संकीर्तन में भक्त झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

महोत्सव के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों सहित दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सामाजिक समरसता और एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान चंद्र पाल यादव, अंकुश यादव, रामेंद्र यादव, वीर बहादुर, अनुज यादव, अनूप सूरज, शंकर बख्श सिंह, विश्वनाथ, सुरेश सिंह, सुनीता देवी, मो. अयूब, अरुण कुमार, जितेंद्र कुमार, रंजीत यादव, धर्मेंद्र कुमार, मनोज पासवान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की आस्था और एकजुटता का प्रतीक बताया।

भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा दी, बल्कि पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी प्रसारित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *