मानसिक रूप से बीमार मां ने छह माह की मासूम को नहर में फेंका, तलाश के बाद मिली बच्ची, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पति से विवाद के बाद गुस्से में उठाया खौफनाक कदम, ग्रामीणों और पुलिस ने करीब एक घंटे तक चलाया खोज अभियान

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : थाना सिधौली इलाके में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिधौली कोतवाली क्षेत्र के हुसैनगंज गांव में एक महिला ने अपनी छह माह की मासूम बच्ची को शारदा सहायक नहर में फेंक दिया। करीब एक घंटे तक चली तलाश के बाद बच्ची को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार हुसैनगंज गांव निवासी वंदना का शनिवार दोपहर अपने पति विपिन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद गुस्से में आकर वंदना अपनी छह माह की बेटी काव्या को लेकर गांव के किनारे बह रही शारदा सहायक नहर के पास पहुंच गई। उस समय नहर में तेज बहाव के साथ पानी बह रहा था। इसी दौरान महिला ने बच्ची को नहर में फेंक दिया।

घटना को देख पीछे-पीछे आ रहे परिजनों और आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को बचाने के लिए कई ग्रामीण तुरंत नहर में कूद पड़े और उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच घटना की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिधौली कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों के साथ मिलकर खोज अभियान शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *