ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : जनपद में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा पुलिस लाइन्स स्थित “नैमिष संगम कैफे” का भव्य उद्घाटन किया गया। यह कैफे पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवार तथा आम जनता के लिए खोला गया है जिसमें फ्री वाई-फाई, टीवी, किताबे आदि की सुविधा उपलब्ध है। यहाँ भोजन और पेय पदार्थ बाजार की तुलना में कम कीमतों पर उपलब्ध होगा। कैफे की दीवारों पर नैमिषारण्य धरा के पावन ऐतिहासिक स्थलों, ऋषि-मुनियों एवं देवी-देवताओं के चित्रों से दिव्य एवं भव्य सजावट की गयी है।
पुलिस की नौकरी बेहद तनावपूर्ण होती है यह कैफे उनके लिए ‘स्ट्रेस बस्टर’ (तनाव कम करने वाला स्थान) का काम करेगा। ‘पुलिस कैफे’ एक ऐसी अभिनव पहल है, जो पुलिस बल की कठोर छवि को एक ‘मित्र पुलिस’ और ‘सहायक’ के रूप में पुनर्जीवित करेगा। यह कैफे केवल एक खान-पान का स्थान नहीं, बल्कि समाज और सुरक्षा बलों के बीच एक मजबूत सेतु है।
इस कैफे का प्रबंधन और स्वच्छता आम कैफे की तुलना में अधिक अनुशासित है। कैफे उद्घाटन के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
