ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के सिरौली चौराहे पर शुक्रवार की देर रात एक टेलर्स की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग जाने से दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना से पीड़ित दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरौली पुरवा गांव निवासी राजपाल पुत्र रामविलास (उम्र लगभग 22 वर्ष) ने गांव के सामने रास्ते के मोड़ के पास कपड़ा सिलाई की एक छोटी दुकान खोल रखी थी। वह इसी दुकान के माध्यम से आसपास के ग्रामीणों के कपड़े सिलाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। शुक्रवार की बीती रात अचानक अज्ञात कारणों से उसकी दुकान में आग लग गई।
आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखे सिलाई के लिए आए कई कपड़े, दो सिलाई मशीनें तथा अन्य आवश्यक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। इस घटना से पीड़ित टेलर्स को काफी आर्थिक क्षति हुई है और उसकी रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित दुकानदार राजपाल ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
तो वहीं सिरौली पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
