पहला ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में चला वृक्षारोपण अभियान, अमृत सरोवरों पर रोपे गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विकास खंड पहला क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अमृत सरोवर एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों तथा ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

ग्राम पंचायत चुनका स्थित रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर परिसर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामेंद्र यादव एवं ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक सिंह के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामेंद्र यादव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक सिंह ने कहा कि अमृत सरोवर परिसर को हराभरा एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोरार में ग्राम प्रधान शारदा देवी, प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र यादव एवं ग्राम पंचायत सचिव पंकज वर्मा के नेतृत्व में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे।

वहीं ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर कलां में प्रधान प्रतिनिधि सतीश कुमार, सचिव ब्रजेश यादव तथा रोजगार सेवक यदुनाथ सिंह उर्फ पप्पू ने अमृत सरोवर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके अलावा ग्राम पंचायत खालगांव में रोजगार सेवक श्रवण यादव एवं सचिव ब्रजेश कुमार यादव, जबकि ग्राम पंचायत भरथर में रोजगार सेवक श्रवण यादव एवं सचिव अभिषेक सिंह की मौजूदगी में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

सभी ग्राम पंचायतों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दोहराया।

अभियान के दौरान लोगों को जलवायु संतुलन, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए वृक्षों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *