ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र के नूरपुर पुल के पास शारदा नहर में छलांग लगाने वाली 22 वर्षीय युवती मोहिनी यादव का शव 36 घंटे के बाद बरामद कर लिया गया। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे नूरपुर से पैंतेपुर की ओर लगभग 6 किलोमीटर दूर पैंतेपुर पुल के पास नहर से शव मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे शारदा नहर नूरपुर पुल के आसपास रहने वाले लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवती अपनी चप्पल और दुपट्टा नहर किनारे रखकर पानी में कूद गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम की मदद से नहर में युवती की तलाश शुरू कर दी गई।
लगातार चलाए गए खोज अभियान के बाद शुक्रवार शाम को पुलिस और एनडीआरएफ टीम को सफलता मिली। नहर से बरामद शव की पहचान मोहिनी यादव (22), पुत्री राकेश यादव, निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना महमूदाबाद के रूप में हुई।
कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पैंतेपुर पुल के पास नहर से शव बरामद किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
