महमूदाबाद में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान, नगद पुरस्कार व मासिक सहायता की अनूठी पहल

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्री महेंद्र सिंह वर्मा मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष उत्कर्ष वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में कुल 17 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों सहित सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. अनिरुद्ध वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ₹21,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की, जिससे छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही अरुण कुमार वर्मा एवं मुन्ना वर्मा की सराहनीय घोषणा।

उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को आगामी दो वर्षों तक ₹1100 प्रति माह की आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि यह सहायता राशि प्रत्येक माह विद्यालय के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष आमिर अराफ़ात, प्रकाश इंटर कॉलेज के प्रबंधक ओमप्रकाश वर्मा, शशि सिंह, कोमल वर्मा, अरुण वर्मा, जीनीयस कोचिंग कॉलेज के प्रबंधक आनंद सिंह, ब्लॉक प्रमुख मुकेश वर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और मेधावी छात्रों के सम्मान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सराहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *