खेत में आम के पेड़ से युवक का शव लटकता मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र अंतर्गत धीरपुर गांव के पश्चिम दिशा में स्थित एक खेत में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। ग्रामीणों ने शाम लगभग 4 बजे खेत की ओर जाते समय शव को देखा, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

उक्त घटना की सूचना मिलते ही रामपुर कलां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। और घटना की जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान प्रमोद (30 वर्ष) पुत्र श्रीधर, निवासी ग्राम बसावनपुर के रूप में हुई है। बताया यह भी जा रहा है कि प्रमोद का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ था।

जानकारी मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी रामपुर कलां पीयूष सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

थाना रामपुर कलां प्रभारी पीयूष सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से मौत होने की जांच की जा रही है। और शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *