ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरौली पुरवा में गुरुवार की देर रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानवर बांधने के लिए बनाए गए हाते में रखे छप्पर में आग लगा दी गई, जिससे एक बछिया की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो गायें गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पशुपालक पुत्ती लाल उर्फ रत्ती लाल पुत्र राम आसरे, निवासी ग्राम सिरौली पुरवा, ने तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल 112, क्षेत्रीय लेखपाल एवं पशु चिकित्सक को सूचना दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद गुफरान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की।
घायल गायों का इलाज पशु चिकित्सक डॉक्टर विपिन द्वारा किया गया। पीड़ित के अनुसार, एक गाय की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरी गाय को सुरक्षित बताया गया है। इस आगजनी में एक बछिया की जलकर मौत से पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित पुत्ती लाल का कहना है कि यह घटना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर अंजाम दी गई है। उन्होंने थाना महमूदाबाद पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही क्षेत्रीय लेखपाल, पशु चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगजनी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
