ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में छात्राओं की प्रतिभा, ऊर्जा और अनुशासन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महमूदाबाद में 22 जनवरी 2026 को वार्षिक खेलकूद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महमूदाबाद की विधायिका आशा मौर्य रहीं।
मुख्य अतिथि ने खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
खेलकूद दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम मौर्या ने छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कीर्ति आर्य द्वारा किया गया।
खेलकूद कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल प्रभारी अनीता वर्मा सहित प्रीति गुप्ता, वसुंधरा कनौजिया, अंजनी वैश्य, आशा, स्नेह लता एवं अन्य नामित अधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
