सीतापुर के तालगांव क्षेत्र में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों का कहर, रिटायर्ड लेखपाल के घर लाखों की डकैती कर फरार

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर :  थाना तालगांव क्षेत्र के अंतर्गत रसूलपुर गांव में देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने आतंक मचा दिया। करीब एक दर्जन असलहाधारी बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर धावा बोलते हुए पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित कपड़ा व्यापारी एवं रिटायर्ड लेखपाल अमर सिंह वर्मा अपने दो सगे भाइयों बंटी वर्मा और पुष्कर वर्मा के परिवार के साथ घर में मौजूद थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने असलहों के बल पर घर में घुसकर सभी परिजनों को बंधक बना लिया।

बदमाशों ने घंटों तक पूरे मकान को खंगाला और अलमारियों में रखी नकदी सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, तब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

एसपी ने किया मौके का निरीक्षण, जांच तेज :
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी ब्रजेश कुमार एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसओजी सहित कई टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *