बाराबंकी में पेड़ से लटका मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

 

ब्यूरो रिपोर्ट,बाराबंकी : थाना मसौली क्षेत्र के अंतर्गत  डढियामऊ गांव  के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 15 वर्षीय किशोर का शव चिलवल के पेड़ से मफलर के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई , सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल शुरू की। तब मृतक की पहचान ग्राम डढियामऊ निवासी मुजीब उर रहमान पुत्र बाबू उम्र करीब 15 वर्ष के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मसौली  पुलिस ने अग्रिम आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बकरी चराने गए बच्चों ने देखा शव : जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के कुछ बच्चे जंगल की ओर बकरी चराने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। शव को देखकर बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़ पड़े। बच्चों की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान मुजीब उर रहमान के रूप में की गई।

सुबह घर से निकला था किशोर : मृतक के पिता बाबू ने बताया कि मुजीब उर रहमान सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन दोपहर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा। तब परिजनों ने उसकी आसपास काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में बकरी चराने गए बच्चों द्वारा शव मिलने की सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार : इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *