रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डॉ. अम्मार रिजवी से की फोन पर वार्ता, सीतापुर में रोजगार और विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर:  जनपद सीतापुर के समग्र विकास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अम्मार रिजवी द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजे गए पत्र का संज्ञान लेते हुए रक्षा मंत्री ने देर रात्रि फोन पर उनसे वार्ता की। इस दौरान जनपद में चल रही एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के साथ-साथ रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. अम्मार रिजवी ने बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सीतापुर को लगातार विकास की नई सौगातें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से महमूदाबाद-कुर्सी मार्ग पर रेलवे फ्लाईओवर की स्वीकृति तथा रक्षा मंत्रालय की लगभग 850 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित सोलर पावर प्रोजेक्ट को जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

वार्ता के दौरान डॉ. रिजवी ने रक्षा मंत्री के समक्ष यह मांग भी रखी कि रक्षा मंत्रालय की शेष उपलब्ध भूमि का उपयोग किसी बड़े औद्योगिक एवं रोजगारपरक प्रोजेक्ट की स्थापना के लिए किया जाए। उनका कहना था कि यदि इस दिशा में ठोस पहल होती है तो न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकेगा, बल्कि जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि महमूदाबाद सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व में संचालित कई उद्योग एवं रोजगारपरक संस्थान समय के साथ बंद हो चुके हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवाओं के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में नए उद्योगों की स्थापना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।

डॉ. अम्मार रिजवी ने कहा कि जनपदवासी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हैं और उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सीतापुर के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिले को उद्योग, ऊर्जा, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है।

रक्षा मंत्री और डॉ. अम्मार रिजवी के बीच हुई यह वार्ता जनपद के विकास के प्रति गंभीर प्रयासों का संकेत मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरती हैं तो सीतापुर न केवल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा, बल्कि रोजगार के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगा।

जनपदवासियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि चर्चा के दौरान उठाए गए मुद्दों पर आगे क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं और सीतापुर को विकास की कौन-कौन सी नई सौगातें मिलती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *