ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना बिसवां पुलिस ने ज्वैलरी की दुकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के सोने के आभूषण, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिसवां पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, थाना बिसवां में पंजीकृत मुकदमा संख्या 144/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई।
उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह अपनी टीम के साथ रोडवेज बस स्टॉप क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि मगरहिया बाजार स्थित आभूषण की दुकान में चोरी करने वाले आरोपी लहरपुर की ओर से बिसवां आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम सहरीसराय के निकट घेराबंदी कर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर यूपी 32 केएम 0492) को रोक लिया।
पुलिस ने कार में सवार आसिया (50 वर्ष), निवासी अकैचनपुर टप्पा थाना लहरपुर तथा फरीदी (46 वर्ष), निवासी अकैचनपुर टप्पा थाना लहरपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 18 जोड़ी सोने के झाले, 21.06 ग्राम वजन का गला हुआ ठोस सोना तथा 5 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी एक अन्य साथी रुखसाना निवासी ठठेरी टोला, लहरपुर के साथ मिलकर 6 जून 2026 को मगरहिया बाजार स्थित ‘जलोटा आभूषण’ की दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करती थीं और दुकानदार की नजर बचाकर आभूषण चोरी कर लेती थीं, जबकि उनका साथी बाहर वाहन लेकर तैयार रहता था।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए कुछ आभूषणों को गलाकर ठोस सोने का गोला बना लिया गया था, जबकि कुछ आभूषण बेचकर रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया था। बरामद आभूषणों की पहचान दुकान संचालक रामकुमार जलोटा द्वारा की गई है।
विवेचना के दौरान मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी एवं बरामदगी की पूरी कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई तथा धारा 105 बीएनएसएस के तहत पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। बरामद कार को माल मुकदमाती के रूप में कब्जे में लिया गया है। फरार महिला आरोपी रुखसाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, मुख्य आरक्षी अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी सतेन्द्र कुमार, विवेक यादव, आकाश, रंजीत कुमार, सचिन तारा, विनीत कुमार, मनेन्द्र कुमार तथा महिला आरक्षी सविता एवं पूनम सिंह शामिल रहीं।
