ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में ऐतिहासिक मां संकटा देवी धाम से सोमवार को गौ माता को राष्ट्रमाता और राज्यमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर सैकड़ों गौ भक्तों ने जोरदार प्रदर्शन किया। संत श्री 1008 त्यागी दास जी महाराज एवं संत श्री 1008 सत्यानंद महाराज के नेतृत्व में निकले जुलूस में श्रद्धालुओं ने “गौ माता के सम्मान में, गौ भक्त मैदान में” और “मोदी-योगी ध्यान दो, गौ माता को सम्मान दो” जैसे नारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली।
यह आयोजन देशभर की 5000 तहसीलों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम भेजे जा रहे ज्ञापनों की श्रृंखला का हिस्सा बताया गया। जुलूस के बाद सभी गौ भक्त तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम डॉ. अंजली सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं, जिन्हें धर्म में माता का दर्जा प्राप्त है। गौ संरक्षण को राष्ट्र और राज्य की समृद्धि से जोड़ते हुए मांग की गई कि गौ माता को संवैधानिक रूप से ‘राष्ट्रमाता’ और ‘राज्यमाता’ घोषित किया जाए। साथ ही देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की गई।
इस दौरान मां संकटा देवी धाम समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी ‘विरल’, केशव राम शुक्ल, नरपत सिंह, अवधेश चौहान, अतुल वर्मा, महेंद्र शुक्ल, डॉ. लोकपति वर्मा, प्रेम नारायण तिवारी, आशुतोष वाजपेयी ‘अनल’, रामजी मिश्र, सनातन लाल, रविशंकर मिश्र, कुमुद गुप्त, आदेश शुक्ल, देवेश मिश्र, गौतम मिश्र, लल्लन प्रधान, राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त मौजूद रहे।
एसडीएम डॉ. अंजली सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे शासन तक भेजने का आश्वासन दिया। वहीं, गौ भक्तों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
