टिटनेस-डिप्थीरिया से बचाव के लिए महमूदाबाद में टीकाकरण शिविर, 70 बच्चों को लगा टीका

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में बच्चों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क संचालित टीकाकरण अभियान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है, जिससे वे टिटनेस, डिप्थीरिया समेत कई खतरनाक संक्रमणों से सुरक्षित रहते हैं।

इसी क्रम में महमूदाबाद के सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा ने सीता इंटर कॉलेज (जूनियर वर्ग) में आयोजित टीकाकरण शिविर के दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) का टीका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो इन जानलेवा बीमारियों से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।

टीकाकरण शिविर के पहले दिन कुल 70 बच्चों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। इस अभियान में एएनएम विनीत तिवारी, रेनू वर्मा तथा आशा कार्यकर्ता राधा वर्मा और नेहा शर्मा ने सक्रिय सहयोग दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *