40 साल पुरानी जर्जर पानी की टंकी बनी खतरा, सीएचसी महमूदाबाद में जलापूर्ति प्रभावित, हादसे की आशंका

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद परिसर में स्थित लगभग 40 वर्ष पुरानी पानी की टंकी अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी इस टंकी के कारण अस्पताल में नियमित जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी की हालत बेहद खराब हो चुकी है और वह किसी भी समय धराशायी हो सकती है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

सीएचसी महमूदाबाद क्षेत्र का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल परिसर के निकट रोडवेज बस स्टैंड होने के कारण यहां दिनभर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में जर्जर पानी की टंकी आमजन और मरीजों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई है।

स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि टंकी का शीघ्र तकनीकी परीक्षण कराया जाए। यदि विशेषज्ञों की जांच में टंकी अनुपयोगी पाई जाती है तो उसे तत्काल ध्वस्त कर नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जाए, ताकि अस्पताल में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके और संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना बेहद आवश्यक है, जिससे मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों की जान जोखिम में न पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *