ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उपजे विवाद और विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामू कनौजिया का तबादला कर दिया है। उनकी जगह सदरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा को रामपुर मथुरा थाने की कमान सौंपी गई है।
बताया जाता है कि युवक की मौत के मामले में कार्रवाई में देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों व ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की थी, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उनके हस्तक्षेप के बाद संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
घटनाक्रम के बाद थाना प्रभारी श्यामू कनौजिया को हटाकर सदरपुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा को रामपुर मथुरा थाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।
फिलहाल, नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हुई हैं।
