ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: विकास खंड रामपुर मथुरा की ग्राम पंचायत सोहरिया में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुम्हरोरा गांव निवासी कल्याण सिंह ने महमूदाबाद एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए दोबारा चयन कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पूर्व में निरस्त हुई कोटे की दुकान के लिए 2 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत भवन में चयन बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें वह भी दावेदार थे। उनका आरोप है कि पंचायत सचिव बहरी लाल वर्मा और उनके सहयोगियों ने मतगणना के दौरान उनकी ओर मौजूद लोगों की संख्या में कथित रूप से करीब तीन लाइन छोड़ दी, जिससे लगभग 150 लोगों की गिनती प्रभावित हुई और विपक्षी पक्ष के पक्ष में चयन कर दिया गया।
कल्याण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि बैठक में कुछ ऐसे लोग शामिल थे जिनके पास आधार कार्ड नहीं था और दूसरी ग्राम पंचायत के लोगों की मौजूदगी पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार मौर्य ने भी तहसील पहुंचकर मामले की जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच कराकर चयन प्रक्रिया दोबारा कराने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों और दूसरे पक्ष का बयान मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
