तहसील महमूदाबाद का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए दिशा निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शाम करीब 4:30 बजे तहसील महमूदाबाद पहुंचकर तहसील कक्षों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटल एवं कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी किसान को भंडारण के उद्देश्य से 150 लीटर से अधिक पेट्रोल या डीजल न दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान यदि निर्धारित सीमा से अधिक ईंधन दिए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रकों के लिए तेल टैंक में 200 लीटर से अधिक ईंधन नहीं दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि कोई भी व्यक्ति बार-बार ईंधन लेकर नियमों का उल्लंघन न कर सके, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले तहसीलदार कक्ष पहुंचे। इसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार महमूदाबाद, नायब तहसीलदार पहला, नायब तहसीलदार रामपुर मथुरा के न्यायालयों, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय तथा आपूर्ति विभाग का भी निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

यह निरीक्षण शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुआ और लगभग 6:30 बजे तक चला। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी वापस सीतापुर के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *